Schools Holiday : राजस्थान में क्या 6 जनवरी से खुलेंगे सरकारी-निजी स्कूल या और बढ़ेंगी छुट्टियां

post 978

Schools Holiday : राजस्थान में क्या 6 जनवरी से खुलेंगे सरकारी-निजी स्कूल या और बढ़ेंगी छुट्टियां

Schools Holiday: राजस्थान के सरकारी और निजी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश 5 जनवरी को समाप्त हो चुका है और नए साल 2026 में 6 जनवरी से स्कूल दोबारा खुलने हैं। हालांकि प्रदेश के कई जिलों में भीषण शीतलहर और घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे एक बार फिर स्कूलों की छुट्टियां बढ़ने की संभावना बन गई है।

शीतलहर को देखते हुए बारां जिले में जिला प्रशासन ने 5 जनवरी को सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि ठंड के हालात बने रहने पर अन्य जिलों में भी छुट्टियां बढ़ाई जा सकती हैं।

प्रदेश में ठंड अपने चरम पर है। मौसम विभाग के अनुसार माउंट आबू (सिरोही) में लगातार तीसरे दिन तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं बीते 24 घंटों में राजस्थान के 7 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। दिन में भी गलन भरी सर्दी लोगों को परेशान कर रही है।

मौसम विभाग ने 6 जनवरी को धौलपुर, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर, बूंदी, बारां और झालावाड़ में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। वहीं अलवर, जयपुर, चूरू, सीकर और झुंझुनूं जिलों में कोल्ड वेव को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा 7 और 8 जनवरी को भी चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अलवर और जयपुर में शीतलहर का येलो अलर्ट रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में कड़ाके की सर्दी बनी रहने की संभावना है, जबकि जयपुर संभाग में अगले चार दिनों तक कोल्ड वेव का असर रहेगा।

कड़ाके की ठंड और कोहरे के चलते अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। कई जिलों में अभिभावक और शिक्षक संगठनों ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि सुबह के समय अत्यधिक ठंड और कोहरा छोटे बच्चों, विशेषकर प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए जोखिम भरा हो सकता है।

राजस्थान सरकार और शिक्षा विभाग लगातार मौसम विभाग की रिपोर्ट और जमीनी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। यदि ठंड का प्रकोप कम नहीं हुआ तो स्कूलों के अवकाश बढ़ाने या स्कूल समय में बदलाव का निर्णय लिया जा सकता है। फिलहाल अभिभावक और विद्यार्थी सरकार के अगले आदेश का इंतजार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए जिला कलक्टर अपने-अपने जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित करने या समय परिवर्तन के अधिकार रखते हैं।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष राजस्थान में सरकारी और निजी स्कूलों में शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर से शुरू हुआ था, जो 12 दिनों बाद 5 जनवरी को समाप्त हो रहा है।