Rajasthan: चप्पल में मोबाइल छिपाकर परीक्षा देने पहुंचा अभ्यर्थी, अंडरगारमेंट्स में मिला पुराना पेपर और OMR शीट

राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में आयोजित कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हो रही परीक्षा में एक अभ्यर्थी ने बेहद चालाकी से नियमों को दरकिनार करते हुए मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र तक पहुंचा दिया।
मामला मानटाउन थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मानटाउन परीक्षा केंद्र का है। यहां पुलिस ने एक फर्जी परीक्षार्थी (मुन्ना भाई) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान केदार प्रसाद मीणा (31) निवासी रईथा कला, थाना कुण्डेरा के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मोबाइल फोन को चप्पल के सोल में छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया। सख्त जांच के बावजूद वह अंदर पहुंचने में सफल रहा। परीक्षा के दौरान उसने मोबाइल से प्रश्न पत्र की तस्वीरें भी खींच लीं।
किसे भेजी गईं तस्वीरें, जांच जारी:-
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने प्रश्न पत्र की तस्वीरें किसी बाहरी व्यक्ति या अन्य अभ्यर्थी को भेजी हो सकती हैं। इस एंगल से भी जांच की जा रही है।
इसके अलावा, तलाशी के दौरान आरोपी के पास से अंडरगारमेंट्स में छिपाकर रखे गए वर्ष 2024 की कृषि पर्यवेक्षक परीक्षा का पेपर और ओएमआर शीट भी बरामद की गई, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी:-
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी तुरंत परीक्षा केंद्र पहुंचे। जांच में आरोपी के मोबाइल से प्रश्न पत्र की फोटो भी बरामद हुई है।
3 दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी:-
मानटाउन थाना पुलिस ने केंद्र अधीक्षक की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2022 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
इस घटना ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल के नए तरीकों को उजागर कर दिया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आने से प्रशासन की व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।