राजस्थान में रिश्वतखोरी पर ACB का शिकंजा, SDM के नाम पर रिश्वत लेते कर्मचारी ट्रैप

post 1622 (1)

राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की लगातार कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। हाल ही में एसडीएम स्तर तक कार्रवाई के बाद अब दौसा जिले में भी ACB ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया है।

दौसा जिले के बांदीकुई स्थित एसडीएम कार्यालय में प्रतिनियुक्त एक कर्मचारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है।

30 हजार की डील, SDM के नाम पर वसूली:-

ACB के अनुसार, आरोपी आदित्य प्रधान, जो मूल रूप से बसवा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में प्रयोगशाला सहायक है और फिलहाल एसडीएम कार्यालय में तैनात था, उसे एसडीएम के नाम पर रिश्वत लेते पकड़ा गया। परिवादी से एक मामले में स्टे आदेश दिलाने के एवज में कुल 30 हजार रुपये की मांग की गई थी।

हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद कार्रवाई:-

मामले का खुलासा तब हुआ जब शिकायतकर्ता ने ACB हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान 17 अप्रैल को 15 हजार रुपये की मांग की पुष्टि हुई। इसके बाद ACB टीम ने जाल बिछाकर सोमवार (20 अप्रैल) को ट्रैप कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।

अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई:-

यह कार्रवाई उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान के नेतृत्व में की गई, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया को अंजाम दिया गया। ACB ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।