Crime News : ‘शक’ का खौफनाक अंत! पत्नी की हत्या के दो दिन बाद ‘फरार’ पति ने दे दी जान

post 1594 (1)

Crime News : राजस्थान के धौलपुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सैपऊ थाना क्षेत्र के भूरापुरा गांव में अपनी पत्नी मथुरा देवी की हत्या करने के आरोपी पति दिनेश कुशवाह (35) का शव अब पार्वती नदी के बीहड़ों में संदिग्ध हालत में पेड़ से लटका मिला है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया।

पार्वती नदी के बीहड़ में मिला शव:-

शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे एक किसान सैपऊ रिंग रोड के पास अपने खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर एक पेड़ से लटके शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही सैपऊ सीओ अनूप सिंह, प्रशिक्षु आरपीएस राहुल मीणा और सीआई प्रमेन्द्र रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।

पहचान होते ही मचा कोहराम:-

शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन बाद में परिजनों को बुलाने पर मृतक की पहचान दिनेश कुशवाह के रूप में हुई। गौरतलब है कि दिनेश अपनी पत्नी की हत्या के बाद से फरार था और पुलिस पिछले दो दिनों से उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

तीन बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़:-

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा असर दंपति के तीन छोटे बच्चों पर पड़ा है, जिनमें एक बेटी और दो बेटे शामिल हैं। महज दो दिनों के भीतर माता और पिता दोनों को खो देने से बच्चे गहरे सदमे में हैं। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है और सभी को बच्चों के भविष्य की चिंता सता रही है।

खुदकुशी के पीछे क्या वजह?

प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। आशंका जताई जा रही है कि पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पछतावे या गिरफ्तारी के डर से मानसिक दबाव में था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। अंतिम संस्कार पुलिस निगरानी में कराया गया।

इलाके में चर्चा और जांच जारी:-

कुछ दिन पहले हुई हत्या की वारदात से पहले ही क्षेत्र में दहशत थी, वहीं अब आरोपी की मौत के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान दिनेश कहां छिपा रहा और किन परिस्थितियों ने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर किया।