शिकायत से नाराज पूर्व सरपंच ने गाड़ी से बाइक को कुचलने का किया प्रयास

शिकायत से नाराज पूर्व सरपंच ने गाड़ी से बाइक को कुचलने का किया प्रयास
बाड़मेर। रीको थाना क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना युवक के लिए मुसीबत बन गया। ग्राम पंचायत कुड़ला के वर्तमान सरपंच पर अनियमितताओं के आरोप लगाने और लोकायुक्त में शिकायत करने से नाराज आरोपी ने परिवादी को जान से मारने की नियत से उसकी बाइक का स्कॉर्पियो से पीछा किया। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करवाया है।
पीड़ित रमेश कुमार पुत्र कंवराराम जाट निवासी बेरीवाला गांव ने रिपोर्ट में बताया कि उसने कुड़ला के पूर्व सरपंच और वर्तमान प्रशासक देवाराम पुत्र सिमरथाराम के विरुद्ध ग्राम पंचायत में हुई वित्तीय अनियमितताओं को लेकर 21 अक्टूबर 2024 को लोकायुक्त राजस्थान में परिवाद पेश किया था। इसके अलावा 1 अप्रैल 2026 को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई थी।
इन शिकायतों से आरोपी रंजिश पाले हुए था और लगातार शिकायतें वापस लेने का दबाव बना रहा था। उसने बताया कि 16 अप्रैल की रात 10 बजे जब वह अपनी बाइक से जा रहा था तभी सिणधरी रोड से उतरलाई जाने वाली ग्रेवल सड़क पर आरोपी देवाराम अपनी स्कॉर्पियो के साथ शराब के नशे में मिला। आरोपी ने करीब 5-6 किलोमीटर तक रमेश की बाइक का पीछा किया। इस दौरान आरोपी ने कई बार गाड़ी को ओवरटेक कर अचानक ब्रेक लगाए ताकि रमेश दुर्घटनाग्रस्त हो जाए। अंत में आरोपी ने जान से मारने की नीयत से गाड़ी बाइक के ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया।
खुद को बचाने के लिए रमेश ने बाइक सड़क से नीचे उतार दी, जिससे वह गिर गया और उसे अंदरूनी चोटें आईं। इसके बाद आरोपी ने गाड़ी रोककर धमकाया। रीको पुलिस ने साधारण चोट पहुंचाने, रास्ता रोकने, जान से मारने की धमकी देने, जीवन खतरे में डालने का मुकदमा दर्ज किया है।