RRB भर्ती 2025: रेलवे ग्रुप डी के 22 हजार पदों पर शॉर्ट नोटिस जारी, इस तारीख से कर सकेंगे आवेदन
RRB भर्ती 2025: रेलवे ग्रुप डी के 22 हजार पदों पर शॉर्ट नोटिस जारी, इस तारीख से कर सकेंगे आवेदन
RRB Group D Vacancy 2025: रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने ग्रुप डी के 22 हजार पदों पर भर्ती का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 21 जनवरी 2026 से शुरू होगी और इच्छुक उम्मीदवार 20 फरवरी 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट rrbapply.gov.in पर आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले रेलवे वर्ष 2025 में एनटीपीसी (12वीं और ग्रेजुएट लेवल), एएलपी, टेक्नीशियन और आइसोलेटेड कैटेगरी की भर्तियों की घोषणा कर चुका है।
पदों की संख्या बढ़ाने की मांग तेज:-
लंबे समय से ग्रुप डी भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी केवल 22 हजार पद घोषित होने से असंतुष्ट नजर आ रहे हैं। उम्मीदवारों का कहना है कि रेलवे में लेवल-1 के करीब 1.40 लाख पद खाली पड़े हैं, ऐसे में सीमित वैकेंसी जारी करना न्यायसंगत नहीं है। इसी मांग को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अभ्यर्थी लगातार अभियान चला रहे हैं और ग्रुप डी पदों की संख्या कम से कम 1 लाख करने की मांग कर रहे हैं।
इन पदों पर होगी भर्ती:-
नई ग्रुप डी भर्ती में सबसे अधिक पद इंजीनियरिंग विभाग के लिए रखे गए हैं। कुल 12,500 पद इसी विभाग में स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें लगभग 11,000 पद ट्रैक मेंटेनर ग्रेड-4 के हैं। इसके अलावा ट्रैफिक प्वाइंट्समैन बी के 5,000 पद, असिस्टेंट (सिग्नल एवं टेलीकॉम) के 1,500 पद, असिस्टेंट (कैरेज एवं वैगन) के 1,000 पद, असिस्टेंट ऑपरेशंस के 500 पद और असिस्टेंट लोको शेड के 200 पद शामिल हैं। वहीं असिस्टेंट (टीआरडी) के 800, असिस्टेंट (पी-वे) के 300, असिस्टेंट (ट्रैक मशीन) के 600 और असिस्टेंट (ब्रिज) के 600 पद भी प्रस्तावित हैं।
योग्यता को लेकर असमंजस:-
जारी शॉर्ट नोटिफिकेशन में शैक्षणिक योग्यता को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। विस्तृत नोटिफिकेशन जारी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि भर्ती 10वीं पास अभ्यर्थियों के लिए होगी या आईटीआई अनिवार्य किया जाएगा। साथ ही यह भी स्पष्ट होगा कि सभी पदों पर 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे या कुछ पद केवल आईटीआई धारकों के लिए आरक्षित रहेंगे।