बीकानेर में अब ‘ऑड-ईवन’ फॉर्मूले पर होगी जलापूर्ति:एक दिन छोड़कर आएगा पानी, गर्मी ने बढ़ाई चिंता

बीकानेर में अब ‘ऑड-ईवन’ फॉर्मूले पर होगी जलापूर्ति:एक दिन छोड़कर आएगा पानी, गर्मी ने बढ़ाई चिंता
शहर में गहराते जल संकट को देखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने जलापूर्ति व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 17 अप्रैल (कल) से पूरे बीकानेर शहर में अब एक दिन छोड़कर (48 घंटे के अंतराल पर) पानी की सप्लाई की जाएगी। इंदिरा गांधी नहर परियोजना में चल रही नहरबंदी के कारण 27 मार्च से आंशिक और 12 अप्रैल से पूर्ण नहरबंदी लागू है।
सम-विषम तारीखों का शेड्यूल लागू करते हुए पीएचईडी ने सप्लाई के अनुसार जल प्रबंधन के लिए शहर को दो प्रमुख जोन में विभाजित किया है। अब इन क्षेत्रों में ‘आड-ईवन’ (सम और विषम तारीखों) के अनुसार नया शेड्यूल जारी किया गया है। पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता खेमचंद सिंगारिया ने आमजन से इस संकट काल में पूर्ण सहयोग की अपील की है।
उन्होंने कहा कि उपलब्ध जल का उपयोग बेहद सावधानी से करें और पानी को व्यर्थ न बहाएं ताकि दूसरों को भी पीने का पानी मिल सके। बढ़ती गर्मी ने भी चुनौती बढ़ा दी हैं। बीते 72 घंटों में रात का पारा 4 डिग्री बढ़कर 27 डिग्री के पार पहुंच गया, दिन का तापमान भी 40 डिग्री तक जा पहुंचा है। मौसम विभाग ने आने वाले सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री और बढ़ोत्तरी की आशंका जताई है। कूलर चलने शुरू हो गए हैं इससे खपत और बढ़ेगी।
जोन वन (इन क्षेत्रों में 17 को आएगा पानी)
सभी विषम तारीखों को सप्लाई होगी। इस जोन में 17 अप्रैल को पानी आएगा। इसमें जेलवेल टंकी से जुड़े कोटगेट, फड़ बाजार, जोशीवाड़ा, कसाई बारी, छींपों का मोहल्ला, स्टेशन रोड, केईएम रोड और भेरूजी गली क्षेत्र। नत्थूसर और नयाशहर क्षेत्र क्षेत्र के बारहगुवाड़ चौक, मोहता चौक, दम्माणी चौक, बिन्नाणी चौक, डागा चौक, तेलीवाड़ा, चूनगरो का मोहल्ला, सोनगिरी कुआं, जस्सुसर गेट, सर्वोदय बस्ती, नत्थूसर बास और पुगल रोड क्षेत्र।
सुभाष पुरा, इंदिरा कॉलोनी, पुलिस आवासीय कॉलोनी, भुट्टों का बास, करणी नगर, गांधी नगर, कैलाशपुरी और समतानगर। इसके अलावा जवाहर नगर, बंगला नगर, अंत्योदय नगर, विश्वकर्मा कॉलोनी, रंगा कॉलोनी, चौखूंटी और प्रताप बस्ती। इसके अलावा सेंट्रल जेल, बीछवाल, बीछवाल गांव, ट्रांसपोर्ट नगर, चेतक कैंपस, शुष्क बागवानी कैंपस और आरएसी तृतीय व दशम इलाका शामिल है।
जोन टू- (इन क्षेत्रों में 18 को आएगा पानी)
यहां सभी सम तारीखों को सप्लाई होगी। इस जोन में 16 अप्रैल के बाद सीधे 18 अप्रैल को पानी आएगा। इसमें जय नारायण व्यास कॉलोनी के सभी सेक्टर, चाणक्य नगर, शिवबाड़ी, तिलक नगर, खतूरिया कॉलोनी, पवनपुरी, पटेल नगर, शास्त्री नगर और वल्लभ गार्डन,सार्दुल गंज, गिन्नाणी, सादूल कॉलोनी, हनुमान हत्था, माजीसा का बास और रथखाना।
इसके अलावा गंगाशहर, भीनासर सुजानदेसर, अमरपुरा बास, चोपड़ा बाड़ी, शिवा बस्ती, इंदिरा चौक, चोरड़िया चौक, हरिराम जी मंदिर, सेठिया मोहल्ला और किसमीदेसर । मुरलीधर व्यास नगर, करमीसर, मौसम विभाग क्षेत्र, रामपुरा बस्ती और मुक्ताप्रसाद नगर के सभी सेक्टर, रानीबाजार औद्योगिक नगर रोड नंबर 1 से 11 तक, इंजीनियरिंग कॉलेज, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय और शोभासर मिलिट्री सर्विसेज क्षेत्र शामिल हैं।