MLA रविंद्र सिंह भाटी से विवाद के बीच अब MP हनुमान बेनीवाल के साथ दिखे सिंगर छोटू सिंह, सियासी हलचल बढ़ी

post 1535 (1)

जोधपुर। राजस्थान की राजनीति में इन दिनों मारवाड़ क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के बाद चर्चा में आए लोक गायक छोटू सिंह रावणा अब नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के साथ एक ही मंच पर नजर आए हैं। मंगलवार रात बिलाड़ा के भावी गांव में आयोजित “एक शाम पीड़ित बिटिया के नाम” भजन संध्या कार्यक्रम के दौरान दोनों की मौजूदगी ने खासा ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में दोनों के बीच तालमेल और बातचीत के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

छोटू सिंह ने की बेनीवाल की तारीफ:-

कार्यक्रम के दौरान छोटू सिंह रावणा ने हनुमान बेनीवाल की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वे बेनीवाल को अपना पसंदीदा नेता मानते हैं, क्योंकि वे निडर होकर अपनी बात रखते हैं। उनके इस बयान को हालिया विवादों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।

बेनीवाल ने भी दिया समर्थन:-

वहीं, हनुमान बेनीवाल ने भी छोटू सिंह की गायकी और उनके साहस की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कलाकारों को बेखौफ होकर अपनी बात रखनी चाहिए।

विवाद का बैकग्राउंड:-

गौरतलब है कि छोटू सिंह रावणा हाल ही में शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी के साथ विवाद को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने भाटी पर धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे और इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज करवाई थी।

सियासी मायने:-

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि छोटू सिंह का अलग-अलग राजनीतिक नेताओं के साथ मंच साझा करना मारवाड़ की राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा करता है। इसे क्षेत्रीय राजनीति में प्रभाव बढ़ाने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर बहस तेज:-

एक तरफ रविंद्र भाटी के समर्थक इस मुलाकात को ‘चुनावी स्टंट’ बता रहे हैं, तो दूसरी तरफ बेनीवाल के समर्थक इसे ‘सच्चाई और निडरता’ का मिलन कह रहे हैं। भावी गांव की इस भजन संध्या ने यह साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में मारवाड़ की राजनीति में जुबानी जंग और तेज होने वाली है।