Accident News: तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, सास और दामाद की दर्दनाक मौत

उदयपुर। जिले के कोटड़ा क्षेत्र में उदयपुर-पिंडवाड़ा हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार सास और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मालवा चौराहे के पास हुआ हादसा:-
जानकारी के अनुसार, हादसा मालवा चौराहे से कुछ दूरी पर पिंडवाड़ा की ओर जाते समय हुआ। ट्रक की जोरदार टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मावली निवासी दया भट्ट (57) और उनके दामाद पुष्पराज (40), निवासी जोधपुर, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में सवार 10 वर्षीय हर्षवर्धन और ट्रक चालक झुंझार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रेलर पलटा, बढ़ी अफरा-तफरी:-
हादसे के बाद पीछे से आ रहा एक ट्रेलर भी असंतुलित होकर करीब 20 फीट पहले पलट गया, जिससे ट्रेलर चालक भरत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात बाधित हो गया।
राहत और बचाव कार्य:-
घटना की सूचना मिलते ही बेकरिया थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल उदयपुर रेफर किया गया। पुलिस और राहत टीम ने कार में फंसे शवों को बाहर निकालकर मालवा चौरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना दी।
थानाधिकारी उत्तम सिंह मेड़तिया के अनुसार, दया भट्ट अपने दोहिते और दामाद के साथ जोधपुर जा रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।