राजस्थान में दिल दहला देने वाली घटना, लहूलुहान हालत में मिला युवक का शव, इलाके में दहशत

post 1518 (1)

राजस्थान: बाड़मेर, जिले के सिवाना उपखंड क्षेत्र के मैली इलाके में एक कृषि फार्म पर युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए।

मृतक के भाई पारसराम पुत्र राणाराम भील, निवासी खेड़ा खिंदावड़ा कुशीप ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। रिपोर्ट के अनुसार, उसका छोटा भाई मोहनराम रविवार सुबह करीब 11 बजे अपनी मां के साथ बाइक से सिवाना के लिए निकला था। दोपहर करीब 1 बजे उसने मां को सिवाना छोड़कर पेट्रोल भरवाने की बात कही, जिसके बाद वह लापता हो गया और उसका मोबाइल भी बंद आने लगा।

परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे देवाराम के पास मोहनराम के मोबाइल से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को किटनोद निवासी विंजाराम बताते हुए सूचना दी कि मोहनराम मैली स्थित चौधरियों के बेरे में पड़ा है और उसकी हालत ठीक नहीं है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां मोहनराम चारपाई पर मृत अवस्था में मिला। परिजनों के अनुसार, मृतक के गले पर सूजन, आंखें बाहर निकली हुई थीं, मुंह से खून बह रहा था और शरीर पर चोट के निशान मौजूद थे। मौके पर एक काले रंग का मफलर (गुलीबंद) भी मिला।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ में सामने आया कि संदिग्ध दानाराम भील सुबह जल्दी घर से निकल गया था। फार्म मालिक अंबाराम चौधरी ने भी उसे सुबह जाते हुए देखा होने की बात कही है।

परिजनों ने दानाराम भील, विंजाराम और सुरेश पर साजिश के तहत हत्या करने का शक जताया है। पुलिस ने शव को उप जिला अस्पताल सिवाना भिजवाया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही समाज के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।