Rajasthan: शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, सभी सरकारी विद्यालयों में स्‍टूडेंट्स को अखबार पढ़ना जरूरी 

post 975

Rajasthan: शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, सभी सरकारी विद्यालयों में स्‍टूडेंट्स को अखबार पढ़ना जरूरी 

Rajasthan News: राजस्थान सरकार ने विद्यार्थियों में समसामयिक विषयों की समझ बढ़ाने, पढ़ने की आदत विकसित करने और भाषा कौशल को सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में अब रोजाना अखबार पढ़ना अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने 31 दिसंबर को आदेश जारी किए हैं।

आदेश के अनुसार सभी राजकीय विद्यालयों की प्रार्थना सभा के दौरान प्रतिदिन 10 मिनट अखबार वाचन किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, खेल जगत से जुड़े प्रमुख समाचारों के साथ-साथ संपादकीय विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।

विद्यार्थियों की शब्दावली मजबूत करने के उद्देश्य से रोजाना पांच नए शब्दों का अर्थ सहित परिचय भी कराया जाएगा। यह जिम्मेदारी कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को सौंपी जाएगी, ताकि उनमें आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास हो सके।

शिक्षा विभाग के निर्देशों के तहत उच्च माध्यमिक विद्यालयों में न्यूनतम दो अखबार (एक हिन्दी और एक अंग्रेजी) मंगवाना अनिवार्य होगा। वहीं प्रत्येक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में हिन्दी भाषा के दो अखबार उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके अलावा अंग्रेजी माध्यम के राजकीय विद्यालयों में भी कम से कम दो अखबार (एक हिन्दी और एक अंग्रेजी) मंगवाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रार्थना सभा में एक हिन्दी और एक अंग्रेजी राष्ट्रीय स्तर के अखबार का वाचन किया जाएगा।

शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से विद्यार्थियों में समाचारों के प्रति रुचि बढ़ेगी, सामान्य ज्ञान का विस्तार होगा और भाषा व अभिव्यक्ति कौशल में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।