92 वर्ष की उम्र में मशहूर गायिका आशा भोसले का निधन, संगीत जगत में शोक की लहर

post 1478 (1)

Asha Bhosle Passed Away: दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने रविवार दोपहर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उन्हें शनिवार शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें कार्डियक अरेस्ट के साथ सीने में तकलीफ की शिकायत थी। हालांकि बाद में उनकी पोती जनाई भोसले ने बताया था कि उन्हें थकान और हल्की चेस्ट समस्या थी।

आशा भोसले के निधन की खबर फैलते ही देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। फिल्म और संगीत जगत की हस्तियों के साथ-साथ फैंस भी सोशल मीडिया पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार को मुंबई में किया जाएगा। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने भी उनके निधन से पहले उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।

आशा भोसले भारतीय संगीत की एक अमिट पहचान थीं। उन्होंने अपने करियर में 12 हजार से अधिक गाने गाए और हर शैली—फिल्मी, गजल, भजन और पॉप—में अपनी अलग छाप छोड़ी। ‘दम मारो दम’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’ जैसे गीत आज भी बेहद लोकप्रिय हैं।

आर.डी. बर्मन (पंचम दा) और ओ.पी. नैयर जैसे दिग्गजों के साथ उनकी जुगलबंदी ने संगीत के इतिहास में कई मील के पत्थर स्थापित किए। भारत सरकार ने उन्हें ‘पद्म विभूषण’ और ‘दादासाहेब फाल्के’ जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया था। अपनी बड़ी बहन लता मंगेशकर के बाद आशा जी का जाना संगीत प्रेमियों के लिए एक ऐसा खालीपन छोड़ गया है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकेगा। आज हर उस शख्स की आंख नम है, जिसने कभी न कभी आशा जी की आवाज में प्यार, दर्द या खुशी को महसूस किया है।