बीकानेर: RTE भुगतान पर निजी स्कूलों का सख्त रुख, शिक्षा विभाग को 15 अप्रेल तक का अल्टीमेटम

post 1441 (1)

बीकानेर। आरटीई के तहत प्री-प्राइमरी कक्षाओं के भुगतान को लेकर निजी स्कूल संचालकों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। प्राइवेट स्कूल्स फेडरेशन ने शिक्षा विभाग को 15 अप्रैल तक का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में पुनर्भरण (रिइम्बर्समेंट) के स्पष्ट निर्देश जारी नहीं हुए, तो प्री-प्राइमरी कक्षाओं में नए प्रवेश रोक दिए जाएंगे।

गुरुवार को फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा को ज्ञापन सौंपकर लंबित भुगतान और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। फेडरेशन के सचिव गिरिराज खैरीवाल ने बताया कि भुगतान के आदेश जारी होने के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है, जिससे स्कूल संचालकों में भारी नाराजगी है।

फेडरेशन ने सत्र 2018-19, 2019-20 और 2020-21 के लंबित भुगतान पर लगे अवरोध हटाकर जल्द से जल्द राशि जारी करने की मांग की है।

ज्ञापन में कोरोना काल का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। फेडरेशन ने कोविड अवधि में ऑफलाइन शिक्षा देने वाले स्कूलों को बिना किसी शर्त के त्वरित भुगतान करने की मांग की है।

इसके अलावा, ऐसे स्कूल जो पोर्टल पर भौतिक सत्यापन रिपोर्ट अपलोड नहीं कर पाए या तकनीकी कारणों से भुगतान से वंचित रह गए, उन्हें एक और मौका देने की मांग की गई है। साथ ही, पिछले पांच वर्षों से यूनिट कॉस्ट में वृद्धि नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए इसे तर्कसंगत बनाने की मांग रखी है।