Rajasthan: लड़की भगाने से नाराज ग्रामीणों का खौफनाक कदम, प्रेमी पर हमला कर नाक काटी; गंभीर हालत में युवक अस्पताल में भर्ती

post 968

Rajasthan: लड़की भगाने से नाराज ग्रामीणों का खौफनाक कदम, प्रेमी पर हमला कर नाक काटी; गंभीर हालत में युवक अस्पताल में भर्ती

जोधपुर : पुलिस कमिश्नरेट के लूणी थाना क्षेत्र में एक युवती को भगा ले जाने के मामले में आरोपी युवक को गांव लौटना भारी पड़ गया। जैसे ही ग्रामीणों को उसके आने की भनक लगी, उन्होंने उसकी गाड़ी का पीछा किया और उसे पकड़कर बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने युवक की नाक काट दी और वाहन में जमकर तोड़फोड़ की। गंभीर रूप से घायल युवक को घटनास्थल पर ही छोड़कर ग्रामीण फरार हो गए। यह घटना शुक्रवार की बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर घायल युवक के परिजनों ने उसे देर शाम मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज जारी है।

एससीपी आनंद सिंह राजपुरोहित ने बताया कि काग नाहा नैणासर गांव निवासी दिनेश बिश्नोई करीब आठ दिन पहले दूसरे गांव की एक युवती को भगा ले गया था। पुलिस और ग्रामीणों के दबाव के चलते आरोपी ने गुरुवार को युवती को छोड़ दिया, जो रात में थाने पहुंची। शुक्रवार दोपहर दिनेश गांव लौटा, तभी ग्रामीणों ने उसकी गाड़ी का पीछा कर उस पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उसकी नाक काट दी गई और गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गई। हमले में उसके हाथ-पैर में भी फ्रैक्चर हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

लूणी थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि दिनेश के खिलाफ 26 दिसंबर को युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पहले भी वह एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार हो चुका है और पैरोल पर रिहा होने के बाद फरार था। इसके अलावा वह पॉक्सो एक्ट के एक मामले में भी आरोपी है और जमानत पर छूटने के बाद कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।