IPL 2026 Points Table Update: राजस्थान की धमाकेदार जीत, मुंबई को हराकर फिर टॉप पर RR; जानें पाइंट्स टेबल का ताजा हाल

IPL-2026-2

आईपीएल 2026 में बारिश के चलते मुकाबलों पर असर देखने को मिल रहा है। कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच 12वां मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया। इसके बाद गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को एकतरफा अंदाज में हरा दिया।

बारिश के कारण मैच को 11-11 ओवर का कर दिया गया, जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150/3 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 123/9 रन ही बना सकी और मुकाबला गंवा बैठी।

राजस्थान फिर बना नंबर-1

इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए 6 अंक और +2.403 के नेट रन रेट के साथ पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, मुंबई इंडियंस को तीन मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा है और वह 2 अंक व -0.715 के नेट रन रेट के साथ सातवें स्थान पर खिसक गई है।

पंजाब और RCB की मजबूत स्थिति:-

पंजाब किंग्स तीन मैचों में 5 अंक और +0.637 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है। वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दो मैचों में 4 अंक और +2.501 के नेट रन रेट के साथ तीसरे स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स भी अभी तक अजेय है, लेकिन नेट रन रेट (+1.170) के कारण वह RCB से नीचे चौथे स्थान पर है।

CSK और GT की खराब शुरुआत:-

चेन्नई सुपर किंग्स को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जिससे वह अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर पहुंच गई है। गुजरात टाइटन्स भी दो मैच खेलने के बाद अब तक खाता नहीं खोल पाई है और वह नौवें स्थान पर है।

बता दें कि आईपीएल 2026 के लीग स्टेज में कुल 70 मुकाबले खेले जाएंगे, जिसके बाद चार प्लेऑफ मैच आयोजित होंगे। हालांकि, प्लेऑफ का शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है।