Gold Silver Price Today: सीजफायर डील के बीच सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल, जानें आज की नई कीमतें

post 1402 (1)

Gold Silver Price Today: अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते की सीजफायर डील के बाद कमोडिटी बाजार में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। घरेलू वायदा बाजार में सोने की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई है। बुधवार सुबह एमसीएक्स पर सोना 2.14 फीसदी यानी 3,210 रुपये की बढ़त के साथ 1,53,499 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता नजर आया।

क्यों बढ़े सोने के दाम?

विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिका-ईरान के बीच तनाव कम होने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट ने सोने में खरीदारी को बढ़ावा दिया है। सेबी रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, WTI क्रूड ऑयल में करीब 15 फीसदी की गिरावट आई है, जिससे इसकी कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई है। इसके चलते फॉरेक्स मार्केट में भी मुनाफावसूली देखी जा रही है, जिसका असर सोने की कीमतों पर पड़ा है।

चांदी में भी जबरदस्त तेजी:-

सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में भी जोरदार उछाल देखने को मिला है। एमसीएक्स पर चांदी का वायदा भाव 5.43 फीसदी यानी 12,552 रुपये बढ़कर 2,43,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।

वैश्विक बाजार में भी तेजी:-

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में मजबूती बनी हुई है। कॉमेक्स पर सोना 3.08 फीसदी यानी 144.50 डॉलर की तेजी के साथ 4,829.20 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, स्पॉट गोल्ड 2.07 फीसदी की बढ़त के साथ 4,803.79 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।

चांदी की बात करें तो कॉमेक्स पर चांदी का वैश्विक भाव 6.55 फीसदी या 4.79 डॉलर की बढ़त के साथ 76.78 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, गोल्ड स्पॉट इस समय 5.01 फीसदी या 3.66 डॉलर की बढ़त के साथ 76.66 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।