बीकानेर : नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने व अश्लील वीडियों बनाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में महिला के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीडूंगरगढ़ के हेमासर निवासी कन्हैयालाल शर्मा और कोलायत के खिंदासर निवासी सतपाल बिश्नोई के रूप में हुई है।
थानाधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि आरोपी उस पर अवैध मादक पदार्थ और हवाला कारोबार में सहयोग करने का दबाव बना रहे थे।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने महिला को बहला-फुसलाकर अपनी कार में बैठाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद उन्होंने पीडि़ता के अर्धनग्न अवस्था में वीडियो बनाए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोप है कि बाद में अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर एक अन्य आरोपी ने भी ब्लैकमेल किया और वीडियो डिलीट करने के बदले जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाकर दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा के निर्देशन और उप निरीक्षक संग्राम सिंह के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।