TET Update : राजस्थान के हजारों शिक्षकों को राहत, टीईटी अनिवार्यता पर आया नया अपडेट

post 1357 (1)

TET Update : राजस्थान के हजारों शिक्षकों को राहत, टीईटी अनिवार्यता पर आया नया अपडेट

जयपुर। शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। आरटीई कानून में प्रस्तावित संशोधन के तहत सेवा में कार्यरत शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) की अनिवार्यता से छूट देने की पहल की गई है। यदि यह संशोधन लागू होता है, तो देशभर में हजारों और प्रदेश में करीब 60 से 70 हजार शिक्षकों को सीधा लाभ मिल सकता है।

राज्यसभा में सांसद जॉन ब्रिट्टास ने ‘निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार (संशोधन) विधेयक-2026’ के रूप में एक निजी विधेयक पेश किया है। इसका उद्देश्य उन शिक्षकों को राहत देना है, जिनकी नियुक्ति उस समय हुई थी जब टीईटी अनिवार्य नहीं था।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बढ़ी चिंता:-

1 सितंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट के फैसले में 2012 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए भी टीईटी पास करना अनिवार्य कर दिया गया था। इस निर्णय के बाद देशभर में हजारों शिक्षकों के सामने नौकरी, प्रमोशन और सेवा सुरक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई थी। इसी पृष्ठभूमि में यह संशोधन प्रस्ताव सामने आया है। पहले यह व्यवस्था थी कि जिन शिक्षकों की सेवा में पांच वर्ष शेष हैं, उन्हें छूट दी जाए, जबकि अन्य को परीक्षा पास करना अनिवार्य रहे।

पुराने शिक्षकों के अधिकार सुरक्षित रहेंगे:-

प्रस्तावित संशोधन के अनुसार, यदि कोई शिक्षक आरटीई अधिनियम लागू होने से पहले निर्धारित नियमों और योग्यता के आधार पर नियुक्त हुआ है, तो उस पर बाद में लागू अतिरिक्त योग्यता जैसे टीईटी बाध्यकारी नहीं होगी। इससे ऐसे शिक्षकों की नौकरी, प्रमोशन, वरिष्ठता और सेवानिवृत्ति लाभ पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

नई भर्तियों पर रहेगा नियम लागू:-

संशोधन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि टीईटी या अन्य योग्यता की अनिवार्यता भविष्य में होने वाली नई भर्तियों पर लागू रहेगी। यानी यह छूट केवल पहले से कार्यरत शिक्षकों तक सीमित होगी।

शिक्षक संगठनों ने किया स्वागत:-

राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष शेर सिंह चौहान ने कहा कि इस प्रस्ताव से बड़ी संख्या में शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित होगी और प्रमोशन व वरिष्ठता को लेकर बनी अनिश्चितता खत्म होगी।

दिल्ली में शिक्षकों का प्रदर्शन:-

टीईटी अनिवार्यता के विरोध में देशभर के शिक्षक दिल्ली के रामलीला मैदान में एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। रैली में राजस्थान सहित कई राज्यों से हजारों शिक्षकों ने भाग लेकर सरकार से नियम में बदलाव की मांग की।

रैली में राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए। प्रदेश महामंत्री दीपक ठक्कर, अतिरिक्त महामंत्री अंजनी कुमार समेत विभिन्न जिलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।