Weather Warning: राजस्थान के 16 जिलों में ट्रिपल अलर्ट, आकाशीय बिजली-तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी
जयपुर। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में मौसम के बिगड़ने की चेतावनी दी है। चार अप्रैल को जारी तात्कालिक चेतावनी के अनुसार श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, नागौर, पाली, सीकर, टोंक, अलवर, जयपुर, दौसा, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर और करौली सहित आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन और तेज हवाओं की संभावना है।
तेज हवाओं और बारिश के आसार:-
मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि मेघगर्जन के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें, पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखें। यह चेतावनी अगले दो घंटों तक प्रभावी रहेगी।
सक्रिय हुआ परिसंचरण तंत्र:-
विभाग के अनुसार राज्य के ऊपर परिसंचरण तंत्र सक्रिय होने से चार अप्रैल को कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। खासकर जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और बीकानेर संभाग में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन हो सकता है। वहीं, जोधपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार हैं।
6-7 अप्रैल को फिर बदलेगा मौसम:-
मौसम केंद्र के अनुसार छह अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर सात अप्रैल को सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज आंधी (50 से 60 किमी/घंटा), मेघगर्जन, ओलावृष्टि और मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
8 अप्रैल से राहत के संकेत:-
आठ अप्रैल को राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम फिर से शुष्क होने की संभावना है।
किसानों के लिए एडवाइजरी:-
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि खुले में रखी फसल और अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढककर रखें, ताकि खराब मौसम से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।