बीकानेर में ई-मेल से मिली बम धमकी के बाद मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, परिसर खाली कराया गया

post 1314 (1)

बीकानेर में उस समय हड़कंप मच गया, जब मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। यह धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई थी, जिसमें संवेदनशील सरकारी दफ्तरों को निशाना बनाने की बात कही गई।

धमकी मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गए और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर पूरे डाकघर परिसर को खाली करा लिया गया और वहां मौजूद कर्मचारियों व आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सघन जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भेजे गए ई-मेल में स्पष्ट तौर पर संवेदनशील दफ्तरों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन में हलचल मच गई। फिलहाल ई-मेल भेजने वाले की पहचान और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम जांच में जुटी हुई है।

डाकघर के अधिकारी आरपी मीणा ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा के लिहाज से सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी इसी तरह की धमकी मिलने का मामला सामने आया था। ऐसे में इस बार प्रशासन अधिक सतर्कता बरत रहा है। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए एजेंसियां मामले को गंभीरता से ले रही हैं और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

You may have missed