खुशखबरी: बीकानेर को जल्द मिलेगी 26 नई बस, दिल्ली-जयपुर रूट पर दौड़ेंगी राजस्थान रोडवेज की एसी स्लीपर बसें, यात्रियों को मिलेगी राहत
खुशखबरी: बीकानेर को जल्द मिलेगी 26 नई बस, दिल्ली-जयपुर रूट पर दौड़ेंगी राजस्थान रोडवेज की एसी स्लीपर बसें, यात्रियों को मिलेगी राहत
Bikaner News : बीकानेर, राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम उठाने जा रहा है। बीकानेर रोडवेज आगार के बेड़े में जल्द ही एसी स्लीपर बसें शामिल की जाएंगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को निजी बसों जैसी आरामदायक सुविधा सरकारी दरों पर मिल सकेगी।
रोडवेज प्रबंधन ने बीकानेर आगार के लिए छह एसी स्लीपर-कम-सीटिंग बसें शामिल करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इन बसों के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। सभी बसें कॉन्ट्रेक्ट आधार पर ली जाएंगी और चयनित रूटों पर संचालित होंगी। यह निर्णय लंबी दूरी के यात्रियों की बढ़ती मांग और निजी बसों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
20 साधारण बसों के लिए भी टेंडर आमंत्रित:-
एसी स्लीपर बसों के साथ-साथ रोडवेज ने 20 साधारण बसों के लिए भी टेंडर आमंत्रित किए हैं। फिलहाल बीकानेर आगार के पास 89 बसें उपलब्ध हैं। नई बसों के शामिल होने से परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी और यात्रियों को समय पर बस सेवा मिल सकेगी।
प्रमुख रूटों पर मिलेगी एसी स्लीपर सुविधा:-
प्रस्तावित एसी स्लीपर बसें बीकानेर से दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद और उदयपुर जैसे प्रमुख लंबी दूरी के रूटों पर चलाई जाएंगी। स्लीपर-कम-सीटिंग व्यवस्था के कारण रात्रिकालीन यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी। गर्मी के मौसम में एसी बसें यात्रियों को खास राहत देंगी।
रोडवेज पर बढ़ेगा यात्रियों का भरोसा:-
रोडवेज कर्मचारियों का मानना है कि इस पहल से निगम पर यात्रियों का भरोसा और मजबूत होगा। निजी बसों की बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच यह कदम रोडवेज को फिर से यात्रियों की पहली पसंद बनाने में सहायक साबित होगा। सुरक्षित, किफायती और आरामदायक यात्रा का विकल्प और सशक्त होगा।
टेंडर प्रक्रिया जारी:-
बसों के लिए टेंडर प्रक्रिया फिलहाल जारी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद बसें उपलब्ध होंगी और उन्हें लंबी दूरी व अधिक यात्रीभार वाले रूटों पर लगाया जाएगा।
— इन्द्रा गोदारा, मुख्य प्रबंधक, बीकानेर रोडवेज आगार