3 जिलों में कलक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराए परिसर
3 जिलों में कलक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराए परिसर
अजमेर। राजस्थान में जिला कलक्ट्रेट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अजमेर, धौलपुर और बाड़मेर जिला कलक्ट्रेट को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार अजमेर, धौलपुर और बाड़मेर कलक्ट्रेट कार्यालयों में सुबह करीब 11.45 बजे धमकी भरा ई-मेल मिला। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही प्रशासन ने एहतियातन कलक्ट्रेट परिसरों को खाली करवाया। पुलिस, बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। तीनों जगह सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। बाड़मेर कलक्ट्रेट को सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस ने पूरे कलक्ट्रेट कार्यालय को खाली करवाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि धमकी मिलने के बाद कलक्ट्रेट परिसर को सील कर दिया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसी कर जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।