Stock Market Crash: सोमवार को बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 1200 अंक टूटा, जानिए इस जबरदस्त गिरावट की वजह
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार सुबह जोरदार गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में 1% से ज्यादा की कमजोरी दर्ज की गई। सेंसेक्स करीब 1,200 अंक यानी 1.6% गिरकर इंट्राडे में 72,392 तक आ गया, जबकि निफ्टी-50 लगभग 350 अंक टूटकर 22,470 के स्तर तक फिसल गया।
इस तेज गिरावट के चलते निवेशकों को कुछ ही मिनटों में करीब 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप भी घटकर 422 लाख करोड़ रुपये से 417 लाख करोड़ रुपये पर आ गया।

क्यों टूटा बाजार? जानिए मुख्य वजहें
- अमेरिका-ईरान तनाव का असर:-
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव एक महीने से अधिक समय से बना हुआ है। 28 फरवरी से शुरू हुए इस संघर्ष के खत्म होने के कोई स्पष्ट संकेत नहीं हैं। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने की अवधि बढ़ाई थी, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन ने ईरान को 15 सूत्रीय युद्धविराम प्रस्ताव भेजा है। हालांकि, औपचारिक बातचीत अभी तक शुरू नहीं हुई है। - कच्चे तेल की कीमतों में उछाल:-
वैश्विक अनिश्चितता के चलते ब्रेंट क्रूड की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। होर्मुज जलडमरूमध्य में शिपिंग बाधित होने से आपूर्ति प्रभावित हो रही है। भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए यह चिंता की बात है, क्योंकि देश अपनी 85-90% तेल जरूरतें आयात से पूरी करता है। महंगे तेल से महंगाई और आर्थिक दबाव बढ़ने की आशंका है। - बढ़ती वोलैटिलिटी (India VIX):-
बाजार में डर का माहौल भी साफ नजर आ रहा है। इंडिया VIX में करीब 6% की तेजी आई है और यह 28 के पार पहुंच गया है। आमतौर पर 12-15 की रेंज को सामान्य माना जाता है, लेकिन इसके ऊपर जाने का मतलब है कि बाजार में अगले कुछ समय तक ज्यादा उतार-चढ़ाव की संभावना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक तनाव, महंगे कच्चे तेल और बढ़ती अनिश्चितता के चलते निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ा है, जिससे बाजार में दबाव बना हुआ है।