Bikaner Crime: युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में था युवक, फावड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर भाइयों ने कर दी हत्या; पढ़े पूरी खबर

post 1218 (1)

बीकानेर/नोखा। बीकानेर जिले के रासीसर गांव में पांच दिन पहले हुए ट्रक चालक अनिल कुमार पूनियां हत्याकांड का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में मृतक के ही दो चचेरे भाइयों का नाम सामने आया है, जिन्होंने वारदात को अंजाम देने के बाद शक से बचने के लिए अंतिम संस्कार में भी हिस्सा लिया और लोगों को गुमराह करते रहे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा के अनुसार, 23 मार्च को मृतक के पिता भगवानाराम विश्नोई ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। केस पूरी तरह से ब्लाइंड था, जिसे सुलझाने के लिए विशेष टीमों का गठन कर तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर जांच शुरू की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

आपत्तिजनक स्थिति बनी हत्या की वजह:-

जांच में सामने आया कि घटना से एक रात पहले आरोपी जगदीश ने अनिल को एक युवती के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इससे नाराज होकर उसने अपने चचेरे भाई रामकुमार बिश्नोई के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। अगली सुबह दोनों ने मौका पाकर अनिल के घर में घुसकर फावड़े से सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद भी सामान्य बने रहे आरोपी:-

हत्या के बाद आरोपी खुद को बचाने के लिए गांव में आम लोगों की तरह व्यवहार करते रहे। घटना की सूचना मिलने पर वे मौके पर भी पहुंचे और अगले दिन अंतिम संस्कार में शामिल होकर पुलिस को भ्रमित करने की कोशिश की।

दोनों आरोपी गिरफ्तार:-

पुलिस ने पंचायतीया बास रासीसर निवासी जगदीश और रामकुमार बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

टीम ने ऐसे सुलझाया केस:-

इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एएसपी ग्रामीण बनवारी लाल मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। नोखा सीओ जरनैल सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने सूझबूझ और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में सीआई अरविंद भारद्वाज, आलोक सिंह, सुमन शेखावत सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।