Gold Silver Price Today: सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट; जानें आज की नई कीमतें
Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में आज भी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। घरेलू वायदा बाजार में आज मंगलवार सुबह दोनों की कीमतें दबाव में नजर आईं और लाल निशान पर कारोबार करती दिखीं।
एमसीएक्स एक्सचेंज पर शुरुआती कारोबार में सोने का भाव 1.19 फीसदी यानी 1,659 रुपये टूटकर 1,37,601 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। इससे पहले सोमवार को भी सोने में भारी बिकवाली देखी गई थी, जहां इसका भाव गिरकर 1,29,595 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था। बीते एक सप्ताह में सोने की कीमत में करीब 18,000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने की उम्मीद से सोने पर दबाव बना हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान—जिसमें उन्होंने अगले पांच दिनों तक ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले नहीं करने की बात कही—के बाद वैश्विक स्तर पर जोखिम कम हुआ है, जिससे निवेशक सुरक्षित निवेश (गोल्ड) से दूरी बना रहे हैं।
चांदी में भी बड़ी गिरावट:-
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी आज तेज गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर सुबह चांदी का भाव 3.28 फीसदी यानी 7,381 रुपये टूटकर 2,17,786 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड दिखाई दिया। सोमवार को चांदी का भाव भाव कारोबारी सत्र के दौरान न्यूनतम 1,99,643 रुपये प्रति किलोग्राम तक चला गया था। पिछले एक हफ्ते में चांदी करीब 41,000 रुपये सस्ती हो चुकी है।
वैश्विक बाजार में भी दबाव:-
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों में आज भी गिरावट देखी जा रही है। कॉमेक्स पर सोने का भाव 1.27 फीसदी गिरकर 4,383 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा, जबकि स्पॉट गोल्ड 1.50 फीसदी गिरकर 4,341.05 डॉलर प्रति औंस पर रहा।
वहीं चांदी की बात करें तो कॉमेक्स पर यह 3.09 फीसदी टूटकर 67.21 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। स्पॉट सिल्वर भी 3.34 फीसदी गिरकर 66.82 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।