RBSE 10th Result 2026: 10वीं कक्षा का रिजल्ट कब होगा जारी? बोर्ड ने दिया बड़ा अपडेट

post 1186 (1)

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। बोर्ड ने रिजल्ट को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं, लेकिन अभी तक आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। ऐसे में माना जा रहा है कि परिणाम कभी भी जारी किया जा सकता है।

बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि फिलहाल वेबसाइट खोलने से बचें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें। सोमवार को बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि वेबसाइट पर तकनीकी कार्य चल रहा है, जिसके कारण अनावश्यक ट्रैफिक से बचना जरूरी है। रिजल्ट जारी होने से पहले इसकी सूचना आधिकारिक रूप से साझा की जाएगी।

बोर्ड के अनुसार वेबसाइट पर दबाव बढ़ने के दो मुख्य कारण हैं—पहला, 10वीं और 12वीं के रिजल्ट से जुड़ा कार्य और दूसरा, रीट परीक्षा का डेटा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड को भेजा जाना।

इससे पहले बोर्ड ने संकेत दिए थे कि रिजल्ट की तारीख तय करने के लिए बैठक आयोजित की जाएगी और जल्द ही समय व तिथि घोषित की जाएगी।

इस बार बोर्ड अपने पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ सकता है। आमतौर पर 10वीं का परिणाम मई से जुलाई के बीच जारी होता रहा है, लेकिन इस बार संभावना है कि मार्च में ही रिजल्ट जारी कर दिया जाए।

गौरतलब है कि इस साल 10वीं की परीक्षाएं 12 से 28 फरवरी के बीच आयोजित हुई थीं, जिसमें करीब 10 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में हजारों केंद्र बनाए गए थे और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी तेजी से पूरा किया गया।

वहीं, कक्षा 5वीं और 8वीं के परिणाम भी जल्द जारी हो सकते हैं। अनुमान है कि इन कक्षाओं का रिजल्ट 24 मार्च को घोषित किया जा सकता है, जबकि 12वीं (साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स) का परिणाम मार्च के अंतिम सप्ताह में जारी होने की संभावना है।