दर्दनाक हादसा : तेज रफ्तार SUV डिवाइडर तोड़ 30 फीट नीचे गिरी, तीन की मौत
Road Accident : कोटा, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बालापुरा क्षेत्र के पास हुए इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक एसयूवी कार में सवार तीन दोस्त दिल्ली से मुंबई की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे बालापुरा से लगभग 5 किलोमीटर दूर थुमडा के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर काबू नहीं रख सका और कार डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले युवक महाराष्ट्र के पुणे के रहने वाले थे। वे अपने दोस्तों के साथ लेह-लद्दाख और जम्मू-कश्मीर की यात्रा से लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह 10 सदस्यीय ग्रुप 26 फरवरी को टूर पर निकला था और अलग-अलग गाड़ियों में सफर कर रहा था।
कैथुन थाना प्रभारी मनोज सिकरवार ने बताया कि मृतकों की पहचान सिद्धांत (21), कुणाल (25) और मयुरेवा (25) के रूप में हुई है। हादसे के समय उनकी कार के पीछे उनके साथियों की दो अन्य गाड़ियां भी चल रही थीं। बालापुरा क्षेत्र में अचानक उनकी कार असंतुलित हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए नाले में जा गिरी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश सामर के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवकों की मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना सामने आ रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।