Rajasthan : पुलिस-एनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 500 किलो से ज्यादा डोडा पोस्त जब्त, फिल्मी अंदाज में पीछा कर तस्करों की साजिश नाकाम

post 1119 (1)

Rajasthan : पाली जिले में जैतपुर थाना क्षेत्र के गेलावास-पांचपदरिया के पास पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एनटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक स्कॉर्पियो से 506.540 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 76 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।

फिल्मी अंदाज में पीछा:-

एनटीएफ के आईजी विकास कुमार के निर्देश पर जोधपुर टीम को सूचना मिली थी कि चित्तौड़गढ़ से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बालोतरा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर एनटीएफ प्रभारी दिनेश डांगी और जैतपुर थाना प्रभारी पदमपाल सिंह ने पुलिस बल के साथ गेलावास के पास नाकाबंदी की।

नाकाबंदी के दौरान एक सफेद स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार तेज कर दी और भागने लगा। पुलिस ने तुरंत स्टॉप स्टिक का इस्तेमाल किया, जिससे गाड़ी के टायर फट गए। इसके बावजूद तस्कर कच्चे रास्तों पर वाहन दौड़ाता रहा और अंधेरे का फायदा उठाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।

स्कॉर्पियो से 24 कट्टों में भरा मिला डोडा पोस्त:-

पुलिस ने मौके पर लावारिस हालत में मिली स्कॉर्पियो की तलाशी ली तो उसमें से 24 कट्टों में भरा अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। साथ ही वाहन से गुजरात और राजस्थान की तीन अलग-अलग नंबर प्लेटें भी मिलीं, जिससे तस्करी के नेटवर्क पर शक गहरा गया है।

चोरी का वाहन होने की आशंका:-

जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो के इंजन और चेसिस नंबर घिसे हुए थे। पुलिस को शक है कि तस्करों ने पहचान छिपाने के लिए चोरी का वाहन इस्तेमाल किया था।

इस कार्रवाई में एनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

नशे में ट्रेलर चलाकर फरार हुआ चालक, फिर पकड़ा गया:-

वहीं ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में एक अलग मामला सामने आया, जहां नशे में ट्रेलर चला रहे चालक को पुलिस ने पकड़ा था, लेकिन वह पुलिस कस्टडी से ही ट्रेलर लेकर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे सांडेराव के पास पकड़ लिया। इस दौरान ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और चालक घायल हो गया।