Crime News: बारात में DJ पर नाचने को लेकर विवाद, युवक की बेरहमी से हत्या; शादी की खुशियों के बीच पसरा मातम
Crime News : सवाईमाधोपुर, शहर के सीमेंट फैक्ट्री क्षेत्र में सोमवार रात एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया और खुशी का माहौल अचानक मातम में बदल गया। डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुए झगड़े के बाद बारात में शामिल कोटा निवासी 28 वर्षीय युवक विशाल पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मानटाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि रात करीब साढ़े दस बजे बारात संजय कलोशिया के घर पहुंची थी। इसी दौरान डीजे पर नाचने की बात को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्साए युवकों ने विशाल पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विशाल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाने में दर्ज कराया मामला:-
मृतक विशाल कोटा के शकरपुरा थाना इलाके की काली बस्ती का निवासी था। उसके पिता रघुवीर चंद ने मानटाउन थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इलाके में सन्नाटा, मातम में बदली खुशियां:-
घटना की खबर फैलते ही इलाके में सन्नाटा छा गया। जिस शादी समारोह में खुशियां मनाई जा रही थीं, वह कुछ ही देर में शोक में बदल गया। स्थानीय लोग भी हैरान हैं कि महज डीजे पर नाचने की बात इतनी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है।