चलती राजस्थान रोडवेज बस का बेरिंग टूटा, टायर 200 मीटर तक खेतों में दौड़ा
Rajasthan News: मालपुरा से अजमेर जा रही राजस्थान रोडवेज की एक बस बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गई। लांबाहरिसिंह के पास अचानक बस के अगले हिस्से का बेरिंग टूट गया, जिससे आगे का टायर निकलकर खेतों की ओर लुढ़कते हुए करीब 200 मीटर दूर तक चला गया।
घटना के समय बस में करीब 34 यात्री सवार थे। अचानक तेज आवाज और जोरदार झटके से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को लगा कि बस पलट सकती है, लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार रोडवेज बस मालपुरा से अजमेर के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में लांबाहरिसिंह के पास पहुंचते ही बस के अगले हिस्से से तेज आवाज आई और अचानक बेरिंग टूट गया। बेरिंग टूटते ही बस का आगे का टायर निकलकर सड़क से हटते हुए खेतों की तरफ तेजी से लुढ़क गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टायर करीब 200 मीटर तक खेतों में दौड़ता हुआ चला गया।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से बस में बैठे यात्रियों में घबराहट फैल गई। हालांकि चालक सुरेश शर्मा ने धैर्य रखते हुए तुरंत बस की रफ्तार कम की और वाहन को संभालते हुए सुरक्षित तरीके से सड़क किनारे रोक दिया।
बस रुकते ही चालक और परिचालक ने यात्रियों को शांत कराया और सभी को सुरक्षित बस से नीचे उतारा। यात्रियों के सुरक्षित बाहर आने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। यात्रियों ने चालक की समझदारी और सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते बस को नियंत्रित नहीं किया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस दिशा में टायर लुढ़कता हुआ गया, वहां खेत थे और उस समय वहां कोई किसान मौजूद नहीं था। अगर खेतों में कोई होता तो हादसा गंभीर हो सकता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद रोडवेज प्रशासन को अवगत कराया गया। इसके बाद पीछे से आ रही रोडवेज की दूसरी बस को मौके पर रोककर यात्रियों को उसमें बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया, जबकि खराब बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया।