Road Accident: पेपर देकर घर लौट रहे छात्र को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, उपचार के दौरान हुई मौत

post 1019 (1)

चित्तौड़गढ़। शहर के शास्त्रीनगर बाईपास रोड पर दर्दनाक सड़क हादसे में नौवीं कक्षा के एक छात्र की मौत हो गई। परीक्षा देकर स्कूल से घर लौटते समय सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उदयपुर में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। कोतवाली थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार भीलवाड़ा मार्ग स्थित एपी व्यास आनंद विहार कॉलोनी निवासी 16 वर्षीय जयदीप पुत्र शैलेश मेनारिया सेंट्रल अकादमी स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था। गुरुवार को वह परीक्षा देकर मॉपेड से घर लौट रहा था। इसी दौरान शास्त्रीनगर में इंदिरा गांधी स्टेडियम के पीछे वाली सड़क पर सामने से आई एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

घायल अवस्था में जयदीप को तुरंत सांवलियाजी चिकित्सालय ले जाया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस मामले में मृतक के पिता शैलेश मेनारिया की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पुलिस ने कार चालक को नामजद करते हुए प्रकरण दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों में पसरा मातम:-

जयदीप दो भाइयों में सबसे छोटा था। वह सामान्य दिनों में स्कूल ऑटो से जाता था, लेकिन परीक्षा होने के कारण उस दिन मॉपेड से गया था। गुरुवार को उसका एक और पेपर होना था, लेकिन आखिरी परीक्षा देने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। बेटे की मौत की खबर से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।