Cyber Crime: सावधान! ‘New Year Gift’ मैसेज में छिपा साइबर जाल, एक क्लिक में खाली हो सकता है आपका बैंक खाता; भूलकर भी न छुएं ऐसी फाइल्स

post 924 (1)

Cyber Crime: सावधान! ‘New Year Gift’ मैसेज में छिपा साइबर जाल, एक क्लिक में खाली हो सकता है आपका बैंक खाता; भूलकर भी न छुएं ऐसी फाइल्स

Cyber Crime: राजस्थान, नया साल शुरू होने में अब कुछ ही घंटे शेष हैं। लोग अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को नए साल की शुभकामनाएं भेजने की तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन इसी बीच साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। यदि जरा सी भी लापरवाही बरती गई, तो एक बधाई संदेश आपका बैंक अकाउंट खाली कर सकता है। साइबर अपराधियों ने आम लोगों को ठगने के लिए नया और खतरनाक तरीका अपनाया है, जिसे लेकर राजस्थान पुलिस ने जनता को सतर्क किया है।

गिफ्ट के नाम पर भेजा जा रहा मैलवेयर:-

राजस्थान पुलिस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल @policerajasthan पर पोस्ट साझा कर चेतावनी दी है। पुलिस के अनुसार साइबर ठग व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए ‘New Year Gift’ या ‘Surprise Cashback’ के नाम से .apk फाइल भेज रहे हैं। यह फाइल देखने में आकर्षक होती है, जिससे लोग बिना सोचे-समझे इसे डाउनलोड कर लेते हैं।

जैसे ही यूजर इस फाइल को मोबाइल में इंस्टॉल करता है, फोन में मैलवेयर सक्रिय हो जाता है। यह मैलवेयर मोबाइल की निजी जानकारी, कॉन्टैक्ट लिस्ट और बैंकिंग डिटेल्स हैकर्स तक पहुंचा देता है, जिससे आर्थिक नुकसान हो सकता है।

भूलकर भी न करें ये गलतियां:-

नए साल के जश्न में किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए राजस्थान पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कहा है कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई फाइल या लिंक को कभी डाउनलोड न करें। कोई भी ऐप केवल Google Play Store या Apple App Store जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही इंस्टॉल करें।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कोई भी प्रतिष्ठित कंपनी या बैंक गिफ्ट देने के लिए .apk फाइल इंस्टॉल करने को नहीं कहता। साथ ही मुफ्त उपहार या भारी छूट के लालच में आकर अपनी निजी जानकारी जैसे ओटीपी, पिन या बैंक डिटेल्स किसी से साझा न करें।

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत:-

यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। इसके अलावा भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। समय पर शिकायत करने से नुकसान की भरपाई की संभावना बढ़ जाती है।

You may have missed