Mock Drill: खाटूश्यामजी मंदिर में घुसे दो आतंकवादी, एटीएस ने किया ढेर, हथियार और विस्फोटक भी बरामद
खाटूश्यामजी (सीकर)। विश्व प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर परिसर में शुक्रवार को कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आतंकवादी छिपे होने की सूचना पर राजस्थान एटीएस की टीम ने अचानक कार्रवाई करते हुए मंदिर परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। जवानों ने त्वरित एक्शन लेते हुए कुछ ही देर में दोनों संदिग्ध आतंकियों को मार गिराने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया और उनके पास से हथियार व विस्फोटक बरामद होने की स्थिति दर्शाई।
बाद में सामने आई मॉकड्रिल की सच्चाई:-
कुछ समय बाद स्पष्ट हुआ कि यह पूरी कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों द्वारा आयोजित मॉकड्रिल थी। इस अभ्यास का उद्देश्य मंदिर परिसर में संभावित आतंकी हमले जैसी स्थिति में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी, समन्वय और प्रतिक्रिया समय को जांचना था।
श्रद्धालुओं ने ली राहत की सांस:-
मॉकड्रिल की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन ने राहत महसूस की। बताया गया कि खाटू श्याम मंदिर देश-विदेश से आने वाले लाखों भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए समय-समय पर ऐसे अभ्यास किए जाते हैं।
पहले भी हो चुके हैं सुरक्षा अभ्यास:-
मंदिर परिसर में इससे पहले भी तीन बार मॉकड्रिल आयोजित की जा चुकी है। इस दौरान एटीएस टीम के साथ मंदिर सुरक्षा गार्ड प्रभारी रघुनाथ सिंह, मंदिर समिति के लक्ष्मीकांत रंगलालका सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।