बोर्ड एग्जाम देने जा रही छात्रा की हार्टअटैक से मौत, रास्ते में सहेलियों के सामने बेहोश होकर गिरी

5

बोर्ड एग्जाम देने जा रही छात्रा की हार्टअटैक से मौत, रास्ते में सहेलियों के सामने बेहोश होकर गिरी

बांसवाड़ा में 12वीं बोर्ड का एग्जाम देने जा रही छात्रा की हार्ट अटैक से मौत हो गई। हॉस्टल से स्कूल पेपर देने जा रही थी रास्ते में अचानक गिरकर बेहोश हो गई। सूचना मिलते ही छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ थाना इलाके के सागवा गांव का शनिवार सुबह 8:30 बजे का है। छात्रा पिछले 2 साल से सरकारी हॉस्टल में रहकर सागवा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ाई कर रही थी। सज्जनगढ़ SHO धनपत सिंह ने बताया- सज्जनगढ़ उपखंड के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सागवा की 12वीं की छात्रा पूजा कुमारी मीणा की मौत हुई है। वह आज सुबह अपनी सहेलियों के साथ 12वीं बोर्ड का कृषि विज्ञान का पेपर देने जा रही थी। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। छात्रा के परिजनों के प्रतापगढ़ से यहां पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। प्रिंसिपल ने FIR दर्ज करवाई है। इसमें बताया- पूजा कुमारी मीणा निवासी अरनोद (प्रतापगढ़) बालिका छात्रावास सागवा से स्कूल की ओर आ रही थी। इसी दौरान वह रास्ते में चक्कर खाकर गिर गई। उसकी सहेलियां, जिला परिषद सदस्य नरसिंह निनामा, स्थानीय सरपंच और ग्रामीणों ने तत्काल छात्रा को निजी वाहन से सरकारी अस्पताल सज्जनगढ़ पहुंचाया। इस दौरान वार्डन प्रियंका चरपोटा भी साथ रहीं। अस्पताल में इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई।