Accident News: बेटी को ससुराल छोड़ने जा रहे बुजुर्ग की मौत, मोपेड पुल से नदी में गिरी
Accident News: जालोर, लेटा-सांकरना जवाई नदी पुल पर एक सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत हो गई। मोपेड पर सवार ऐलाना निवासी कानाराम (67) अपनी पुत्री रेखा को सांकरना उसके ससुराल छोड़ने जा रहे थे, तभी मोपेड पुल पर अनियंत्रित होकर सूखी नदी में गिर गई। हादसे में कानाराम को सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि उनकी पुत्री के हाथ में चोट आई। मोपेड पर मौजूद दो बच्चों को कोई चोट नहीं आई।
हादसे की सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बुजुर्ग को अचानक चक्कर आने के कारण यह हादसा हुआ। शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
यह पुल करीब 50 साल पुराना है और पहले भी जोखिम भरे हादसे की वजह बन चुका है। 23 अगस्त 2024 को इसी पुल से एक निजी बस नदी में गिर चुकी थी, जिसमें 25 यात्री सवार थे और 12 से अधिक घायल हुए थे।
स्थायी समाधान के लिए जालोर शहर के पास से होकर 15 किमी नेशनल हाइवे बायपास बन रहा है। बायपास में पुराने पुल के समानांतर नया बड़ा पुल भी तैयार हो चुका है और आगामी अप्रैल माह तक यातायात के लिए चालू होने की संभावना है।