Rajasthan Budget 2026: सीएम भजनलाल शर्मा आज करेंगे बड़ी घोषणाएं, बजट पारित होने के साथ खुलेगा सौगातों का पिटारा

post 820 (1)

Rajasthan Assembly Budget 2026-27: राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र 2026-27 का आज निर्णायक चरण है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सदन में विनियोग और वित्त विधेयकों पर हुई विस्तृत चर्चा का जवाब देंगे। माना जा रहा है कि अपने संबोधन के दौरान वे आमजन से जुड़े कुछ अहम ऐलान और नई योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के जवाब के जवाब के बाद बजट को औपचारिक रूप से पारित करने की प्रक्रिया पूरी होगी।

विनियोग और वित्त विधेयकों पर अंतिम मुहर:-

सदन की कार्यवाही में डिप्टी सीएम दीया कुमारी ‘राजस्थान विनियोग (संख्या 2) विधेयक 2026’ को सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगी। साथ ही ‘राजस्थान वित्त विधेयक-2026’ पर भी चर्चा और पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इन दोनों विधेयकों के पारित होते ही आगामी वित्त वर्ष के लिए राज्य सरकार को खर्च और राजस्व से जुड़े प्रावधानों की कानूनी स्वीकृति मिल जाएगी। इसके अलावा, दीया कुमारी 7वें राज्य वित्त आयोग की अंतिम रिपोर्ट भी सदन में रखेंगी।

प्रश्नकाल में उठेंगे विभागीय मुद्दे:-

आज की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा के विभागों से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है। तारांकित और अतारांकित मिलाकर कुल 45 प्रश्न सूचीबद्ध हैं। इनमें कृषि, शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, नगरीय विकास, जल संसाधन तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से जुड़े विषय प्रमुख रहेंगे।

क्षेत्रीय विकास के प्रस्ताव भी होंगे पेश:-

सदन में क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर तीन विधायक याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। विधायक ऋतु बनावत धौलपुर की सड़कों के नवीनीकरण का मुद्दा उठाएंगी। वहीं फूल सिंह मीणा उदयपुर में सड़क निर्माण और सरकारी स्कूल भवन निर्माण की मांग रखेंगे। इसके अलावा विधायक संजय कुमार बसेड़ी क्षेत्र में सड़कों की स्वीकृति को लेकर अपनी याचिका पेश करेंगे।