Crime News: उधार में शराब नहीं देने पर युवक ने सेल्समैन की चबाई नाक, गाली-गलौच कर जान से मारने की दी धमकी

post 904

Crime News: उधार में शराब नहीं देने पर युवक ने सेल्समैन की चबाई नाक, गाली-गलौच कर जान से मारने की दी धमकी

Rajasthan Crime: बूंदी जिले के गेण्डोली थाना क्षेत्र के जयस्थल गांव में स्थित शराब ठेके पर एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। उधार में शराब देने से इनकार करने पर एक युवक ने ठेके पर कार्यरत सेल्समैन के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले के दौरान आरोपी ने सेल्समैन की नाक को मुंह से काट लिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना के बाद आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जयस्थल शराब ठेके पर कार्यरत सेल्समैन रामप्रसाद मीणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार देर शाम दौताणा निवासी हंसराज कहार ठेके पर शराब लेने पहुंचा था। आरोपी ने शराब उधार में देने की मांग की, जिसे सेल्समैन ने नियमों का हवाला देते हुए मना कर दिया। इस पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौच करने लगा।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अचानक सेल्समैन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उसने उसकी नाक को मुंह में दबाकर काट लिया, जिससे गंभीर चोट आई और वह खून से लथपथ हो गया। घटना से ठेके पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

घटना के बाद घायल सेल्समैन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए निकला, लेकिन आरोप है कि रास्ते में आरोपी ने उसे रोक लिया और जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण वह उसी समय थाने नहीं पहुंच सका।

अगले दिन रविवार सुबह पीड़ित अपने परिचित के साथ गेण्डोली थाना पहुंचा और घटना की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने घायल का मेडिकल करवाकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और शीघ्र ही उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।