बॉयफ्रेंड के शादी से इनकार से आहत 12वीं की छात्रा ने जहर खाकर की आत्महत्या, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत

post 902

बॉयफ्रेंड के शादी से इनकार से आहत 12वीं की छात्रा ने जहर खाकर की आत्महत्या, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत

Rajasthan News: बांसवाड़ा, बॉयफ्रेंड द्वारा शादी से इनकार किए जाने से मानसिक रूप से आहत होकर 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मामला आंबापुरा थाना क्षेत्र के काला नाला गांव का है।

थानाधिकारी रमेशचंद्र ने बताया कि शाम करीब 6 बजे कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिली थी। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय छात्रा का पिछले करीब तीन वर्षों से पास के एक गांव के युवक से प्रेम संबंध था। छात्रा युवक से विवाह करना चाहती थी, लेकिन युवक इस विषय को लगातार टाल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हुई थी।

बहस के दौरान युवक द्वारा शादी से साफ इनकार किए जाने पर छात्रा ने घर में रखी जहरीली दवा का सेवन कर लिया। जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे निजी एम्बुलेंस से एमजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

फिलहाल शव को एमजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

You may have missed