शहर में इस जगह पार्क में शव दफनाने पर विवाद, 3 घंटे तक उग्र प्रदर्शन, बुलाना पड़ा 4 थानों का पुलिस जाप्ता

post 899

शहर में इस जगह पार्क में शव दफनाने पर विवाद, 3 घंटे तक उग्र प्रदर्शन, बुलाना पड़ा 4 थानों का पुलिस जाप्ता

Jaipur News: जयपुर, शहर के बिंदायका थाना क्षेत्र के सिंवारमोड़ पर रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब गांधी एन्क्लेव आवासीय योजना के एक सार्वजनिक पार्क में शव दफनाए जाने की बात सामने आई। इस घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और स्थानीय ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक उग्र प्रदर्शन किया। हालात बिगड़ते देख बिंदायका, भांकरोटा, बगरू और सेज थाना पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता मौके पर तैनात किया गया।

जानकारी के अनुसार गांधी एन्क्लेव कॉलोनी के श्मशान के पास स्थित पार्क में शनिवार शाम शव दफनाने की सूचना मिली थी। रविवार सुबह यह खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने शव हटाने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जेसीबी बुलवाकर पार्क की जमीन समतल करवाई और मौके पर “जय श्रीराम बालाजी पार्क” का बोर्ड भी लगा दिया।

आश्वासन के बाद शांत हुआ विवाद:-

स्थिति बिगड़ती देख बगरू एसीपी हेमेंद्र शर्मा, बगरू थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा और भांकरोटा थानाधिकारी श्रीनिवास जांगिड़ मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश की। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम द्वारा वर्षों से पार्क का विकास नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। बाद में झोटवाड़ा जोन की उपायुक्त मनीषा यादव मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों से बातचीत की। प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच सहमति बनी कि सोमवार से नगर निगम पार्क की चारदीवारी का निर्माण शुरू कर इसे विकसित करेगा। वहीं, शव को हटाने के मामले में जिला प्रशासन से समन्वय कर नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया गया।

13 वर्षों से विकास का इंतजार:-

नगर निगम द्वारा वर्ष 2012 में गांधी एन्क्लेव आवासीय योजना विकसित की गई थी, लेकिन बीते 13 वर्षों से यहां मूलभूत सुविधाओं और पार्क विकास की अनदेखी होती रही। स्थानीय लोग लंबे समय से पार्क विकसित करने की मांग कर रहे थे, लेकिन सुनवाई नहीं होने के कारण क्षेत्र में अवैध गतिविधियां बढ़ने लगीं।

एसीपी हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि सिंवारमोड़ पर मोक्षधाम के पास पार्क की जमीन में शव दफनाने की सूचना मिली थी। मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। वहीं, जोन उपायुक्त मनीषा यादव ने कहा कि नगर निगम की ओर से सोमवार से पार्क की चारदीवारी का निर्माण शुरू कराया जाएगा और शव से जुड़े मामले में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

You may have missed