Vinod Jakhar : ‘….तो होगा उग्र आंदोलन’! NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला बड़ा आह्वान

post 779 (1)

Vinod Jakhar : ‘….तो होगा उग्र आंदोलन’! NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहला बड़ा आह्वान

Vinod Jakhar : राजस्थान से निकलकर देश के सबसे बड़े छात्र संगठन की कमान संभाल रहे विनोद जाखड़ ने दिल्ली की सियासत में जोरदार एंट्री की है। मामला भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और अन्य कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से जुड़ा है। दिल्ली पुलिस ने उन्हें AI इम्पैक्ट समिट के दौरान किए गए ‘शर्टलेस प्रदर्शन’ के मामले में हिरासत में लिया।

मंगलवार को विनोद जाखड़ सीधे पटियाला हाउस कोर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने युवा कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की और केंद्र सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

एकजुटता का संदेश: ‘NSUI-IYC साथ हैं’

मीडिया से बातचीत में जाखड़ ने कहा कि यह मुद्दा सिर्फ एक संगठन का नहीं, बल्कि देश के युवाओं की आवाज से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि IYC अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रहार है और NSUI इस कार्रवाई के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी।

सरकार पर बड़ा हमला:-

जाखड़ ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मुखर आवाज से वर्तमान सत्ता घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने वाले युवाओं को सलाखों के पीछे डालकर सरकार अपनी नाकामियों को छिपाना चाहती है।

आंदोलन की चेतावनी:-

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द रिहाई नहीं होती है तो छात्र संगठन आंदोलन तेज करेगा। जाखड़ ने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा।

क्या है पूरा मामला?

20 फरवरी 2026 को भारत मंडपम में आयोजित ‘AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान कुछ युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के खिलाफ शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। इसी घटना के आधार पर दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को मुख्य भूमिका में मानते हुए कार्रवाई की। कोर्ट परिसर में जाखड़ ने उनसे मुलाकात कर संगठन के समर्थन का भरोसा दिलाया।