बीकानेर: देर रात झोपड़े में लगी आग, दो लाख रुपए और सामान जलकर हुआ राख

post 777 (1)

बीकानेर: देर रात झोपड़े में लगी आग, दो लाख रुपए और सामान जलकर हुआ राख

नोखा। रविवार देर रात करीब एक बजे नोखा गांव में गणेशराम सियाग के झोपड़े में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे।

पास के खेत में फसल को पानी दे रहे एक किसान ने धुएं और लपटों को देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचकर परिवारजनों को जगाया।। ग्रामीणों की सूझबूझ से परिवार के सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सूचना मिलते ही अग्निशमन केंद्र नोखा की दमकल टीम मौके पर पहुंची। फायरमैन बजरंग चिताणा ने बताया कि टीम के पहुंचने तक एक झोपड़ा पूरी तरह जल चुका था, लेकिन समय रहते आसपास के अन्य झोंपड़ों और मकान को बचा लिया गया।

आग बुझाने में संविदा कर्मी रामनिवास बिश्नोई, महावीर सिंह और ग्रामीणों ने मिलकर सहयोग किया, जिससे जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया।

सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई। झोपड़े में रखे गैस सिलेंडरों को भी ग्रामीणों ने समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आग की चपेट में आकर बिस्तर, कपड़े, अनाज, बर्तन, राशन और पशुओं का चारा सहित करीब दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है, जांच जारी है।