Crime News: वर्दी का रौब दिखाकर 1.5 लाख की डिमांड, कांस्टेबल पर SP ने लिया ये बड़ा एक्शन; पढ़े पूरी खबर
Crime News: वर्दी का रौब दिखाकर 1.5 लाख की डिमांड, कांस्टेबल पर SP ने लिया ये बड़ा एक्शन; पढ़े पूरी खबर
Crime News: कोटा के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में राहगीर से लूट और अपहरण के सनसनीखेज मामले में आरोपी कांस्टेबल मनीष यादव को सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है। मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए यह सख्त कार्रवाई की गई। पहले आरोपी को निलंबित किया गया था, लेकिन विभागीय जांच पूरी होने के बाद उसे सेवा से हटाने के आदेश जारी किए गए।
बताया गया है कि 27 जनवरी को पीड़ित राजेश सेन ने आरकेपुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, खाकी वर्दी में आए कांस्टेबल मनीष यादव ने अपने साथियों विजय माली, देवेंद्र नागर, प्रियांशु और विष्णु के साथ मिलकर उसका बैग चेक किया और केस दर्ज नहीं करने के बदले 1.5 लाख रुपये की मांग की।
जब पीड़ित ने विरोध किया तो उसे जबरन कार में बैठाकर शहर के विभिन्न इलाकों में घुमाया गया। बाद में नया नोहरा इलाके में ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई और नकदी व अन्य सामान लूट लिया गया। साथ ही घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
एफआईआर दर्ज होते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की। पीड़ित से आरोपियों की पहचान कराई गई, जिसमें सभी की तस्दीक हो गई। इसके बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।