Crime News: शादी समारोह में मेहमान बनकर आया… फिल्मी अंदाज में 4 लाख के सोने-चांदी के आभूषण पार; वारदात CCTV में कैद

post 614 (1)

Crime News: जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में एक मैरिज गार्डन में आयोजित आशीर्वाद समारोह के दौरान दुल्हन के पास रखा बैग चोरी होने की घटना सामने आई है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, चक करोल रामनगरिया निवासी नितिन करोल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 फरवरी को उनके भाई का आशीर्वाद समारोह जगतपुरा स्थित चंदन वन गार्डन में आयोजित था। कार्यक्रम के दौरान जब मेहमान वर-वधू को बधाई दे रहे थे, तभी एक युवक मौके का फायदा उठाकर दुल्हन के पास रखा बैग लेकर निकल गया।

मेहमान बनकर आया, ब्लेजर में छिपाया बैग:-

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक पहले अन्य मेहमानों की तरह समारोह में घुलता-मिलता नजर आता है। वह आसपास की गतिविधियों पर नजर रखता रहा और मौका मिलते ही बैग उठाकर अपने ब्लेजर में छिपा लिया। इसके बाद वह बिना किसी हड़बड़ी के गार्डन से बाहर निकल गया।

चार लाख के आभूषण थे बैग में:-

पीड़ित परिवार के अनुसार, बैग में करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने रखे हुए थे। कुछ देर बाद जब बैग नहीं मिला तो परिजनों को चोरी का पता चला।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।