बीकानेर: शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, राजस्थान के 97 सरकारी स्कूल नजदीकी विद्यालयों में मर्ज

post 857 (1)

बीकानेर: शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, राजस्थान के 97 सरकारी स्कूल नजदीकी विद्यालयों में मर्ज

Rajasthan News: बीकानेर, सरकार और शिक्षा विभाग के तमाम प्रयासों के बावजूद कई सरकारी स्कूलों में बच्चों की आवाजाही शुरू नहीं हो सकी। नामांकन बढ़ाने के लिए चलाई गई योजनाएं भी अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाईं। ऐसे में शिक्षा विभाग को एक कठोर लेकिन व्यावहारिक फैसला लेना पड़ा। राजस्थान में शून्य नामांकन वाले 97 सरकारी स्कूलों को नजदीकी विद्यालयों में मर्ज कर दिया गया है।

शिक्षा विभाग की ओर से जारी पहली सूची में 88 प्राथमिक और 9 उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं, जहां एक भी छात्र नामांकित नहीं था। इसके बावजूद ये स्कूल संचालित थे और यहां पदस्थ शिक्षक नियमित रूप से वेतन प्राप्त कर रहे थे।

शिक्षकों का होगा समायोजन:-

मर्ज किए गए स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को आवश्यकता के अनुसार अन्य विद्यालयों में समायोजित किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारियों (प्रारंभिक) को निर्देश दिए गए हैं कि स्टाफिंग पैटर्न तय होने तक अधिशेष शिक्षकों को संबंधित पीईईओ क्षेत्र के अन्य राजकीय विद्यालयों में कार्य-व्यवस्थार्थ लगाया जाए, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित न हो।

समाप्त होगा प्रशासनिक अस्तित्व:-

मर्ज किए गए स्कूलों का अब अलग से कोई प्रशासनिक अस्तित्व नहीं रहेगा। इन विद्यालयों की भूमि, भवन, खेल मैदान, फर्नीचर, शैक्षिक उपकरण और अन्य सामग्री स्वतः ही संबंधित मर्ज विद्यालय के अधीन मानी जाएगी। विभाग का मानना है कि इस निर्णय से संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और शिक्षा व्यवस्था अधिक प्रभावी बन सकेगी।

हाड़ौती के चार स्कूल मर्ज:-

शून्य नामांकन के चलते हाड़ौती संभाग के चार स्कूलों को मर्ज किया गया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की सूची के अनुसार, कोटा जिले के खातौली क्षेत्र के फरेरा, बारां जिले के छीपाबड़ौद के खेड़ली, झालावाड़ जिले के गागरोन के पास मशालपुरा और खानपुर ब्लॉक के जटली गांव के प्राथमिक विद्यालयों को नजदीकी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शामिल किया गया है।

मर्ज हुए स्कूल:-

अजमेर 4, अलवर 1, बालोतरा 3, बांसवाड़ा 3, बारां 1, बाड़मेर 5, ब्यावर 1, भरतपुर 3, भीलवाड़ा 2, बीकानेर 1, चूरू 2, दौसा 2, डीडवाना-कुचामन 4, जयपुर 6, जैसलमेर 3, जालौर 3, झालावाड़ 2, झुंझुनूं 6, जोधपुर 13, करौली 2, कोटा 1, कोटपुतली 3, नागौर 4, पाली 1, फलौदी 3, प्रतापगढ़ 1, राजसमंद 2, सवाई माधोपुर 1, सलूंबर 2, सीकर 8 और टोंक 4 स्कूल मर्ज सूची में शामिल हैं।

You may have missed