Accident News: तेज रफ्तार कार ने पुलिस जीप को मारी टक्कर, महिला थाना प्रभारी की दर्दनाक मौत, चालक गंभीर घायल
Accident News: तेज रफ्तार कार ने पुलिस जीप को मारी टक्कर, महिला थाना प्रभारी की दर्दनाक मौत, चालक गंभीर घायल
श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर शहर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुरानी आबादी थाने की महिला थानाधिकारी (SHO) ज्योति नायक का निधन हो गया। यह हादसा दुर्गा मंदिर के पास उस समय हुआ जब वे पुलिस वाहन से नियमित गश्त पर थीं। सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने पुलिस जीप को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस महकमे में शोक:-
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल ज्योति नायक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार अत्यधिक तेज गति में थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
चालक भी गंभीर घायल:-
हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
हादसे को लेकर जांच शुरू:-
पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। टक्कर की वजह, वाहन की गति, सड़क की स्थिति और अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।