Accident: प्रसिद्ध हास्य कवि और शिक्षक केसर देव मारवाड़ी की सड़क हादसे में मौत, शादी से लौटते वक्त ट्रक से भिड़ी कार

post 542 (1)

Accident: प्रसिद्ध हास्य कवि और शिक्षक केसर देव मारवाड़ी की सड़क हादसे में मौत, शादी से लौटते वक्त ट्रक से भिड़ी कार

Accident: राजस्थान के चर्चित हास्य कवि और शिक्षक केसर देव मारवाड़ी का सड़क हादसे में निधन हो गया। यह दुर्घटना सोमवार देर रात करीब 2 बजे रींगस के मिल तिराहे के पास हुई, जो खाटूश्याम मार्ग पर स्थित है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चलाते समय संभवतः नींद की झपकी आने से उनका वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शादी समारोह से लौटते वक्त हादसा:-

पुलिस के मुताबिक केसर देव अपनी पत्नी चंदा प्रजापत के साथ एक विवाह समारोह से जयपुर लौट रहे थे। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उनकी पत्नी को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रींगस के राजकीय उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

शिक्षक और मंचीय कवि के रूप में पहचान:-

केसर देव मारवाड़ी जयपुर के झोटवाड़ा स्थित एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक थे। वे अपनी हास्य कविताओं और मंच संचालन की शैली के लिए प्रदेश ही नहीं, देशभर में पहचान रखते थे। छह भाइयों में तीसरे नंबर पर थे और परिवार के बेहद प्रिय सदस्य माने जाते थे।

उनके भाई देगा राम प्रजापत ने बताया कि वे स्वभाव से बेहद मिलनसार थे और अपनी कविताओं से हर किसी को हंसा देते थे। उनके असमय निधन से साहित्य और शिक्षा जगत में शोक की लहर है, वहीं परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

You may have missed