Road Accident: मंत्री के एस्कॉर्ट वाहन को ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर, ASI समेत चार पुलिसकर्मी घायल; 3 की हालत गंभीर

post 528 (1)

Road Accident: मंत्री के एस्कॉर्ट वाहन को ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर, ASI समेत चार पुलिसकर्मी घायल; 3 की हालत गंभीर

Road Accident: बूंदी जिले के हिंडोली–बासनी बॉर्डर पर सोमवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। जयपुर–कोटा हाईवे पर प्रोटोकॉल ड्यूटी में तैनात पुलिस एस्कॉर्ट वाहन को तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक एएसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई।

 ट्रेलर हो गया बेकाबू:- 

जानकारी के मुताबिक, जल संसाधन राज्य मंत्री सुरेश सिंह रावत के संभावित दौरे को लेकर पुलिस की ओर से बॉर्डर पर एस्कॉर्ट वाहन खड़ा किया गया था। वाहन सड़क किनारे खड़ा था और पुलिसकर्मी ड्यूटी पर मुस्तैद थे। इसी दौरान जयपुर की तरफ से आ रहा ट्रेलर अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे एस्कॉर्ट वाहन से जा भिड़ा।

चार जवान घायल, तीन की हालत गंभीर:-

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एएसआई मोहन लाल, कांस्टेबल विजय सिंह, विनोद राम और चालक घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार तीन जवानों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।

हाईवे पर लगा जाम, चालक हिरासत में:-

दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन और भीड़ के कारण यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को हटवाकर यातायात बहाल कराया। ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, जबकि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।