Suicide: 12वीं की परीक्षा से 4 दिन पहले छात्र ने की आत्महत्या, एक दिन पहले घर से लौटा था होस्टल
Suicide: 12वीं की परीक्षा से 4 दिन पहले छात्र ने की आत्महत्या, एक दिन पहले घर से लौटा था होस्टल
Rajasthan News: राजस्थान के भरतपुर शहर में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने बोर्ड परीक्षा से पहले आत्महत्या कर ली। 16 वर्षीय पंकज हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र स्थित राजकीय अंबेडकर छात्रावास में पिछले दो वर्षों से रहकर पढ़ाई कर रहा था। आज सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो घटना का खुलासा हुआ।
रात 10 बजे तक पढ़ाई कर रहा था छात्र:-
छात्रावास अधीक्षक गौरव सारस्वत के अनुसार पंकज, रुदावल थाना क्षेत्र के सिंघाड़ा गांव का निवासी था। 12 फरवरी से उसकी 12वीं की परीक्षाएं शुरू होने वाली थीं। रविवार को वह अपने गांव से वापस छात्रावास लौटा था। रात करीब 8 बजे उसने भोजन किया और 10 बजे तक पढ़ाई करता देखा गया।
सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे चौकीदार उसे नाश्ते के लिए बुलाने पहुंचा, लेकिन कमरा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। अन्य छात्रों को बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया तो पंकज का शव पंखे से लटका मिला।
कमरे में अकेला था छात्र:-
जिस हॉल में पंकज रहता था, वहां कुल 14 छात्र रहते हैं। उसके साथ उसका चचेरा भाई सुनील भी रहता था, लेकिन रविवार होने के कारण अधिकांश छात्र अपने परिचितों के यहां गए हुए थे। सुनील भी दूसरे कमरे में सो रहा था। पंकज ने बताया था कि वह उस रात अकेले ही कमरे में सोएगा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया और परिजनों को सूचना दी। प्रारंभिक स्तर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्रावास अधीक्षक के मुताबिक पंकज शांत स्वभाव का और पढ़ाई में मेधावी छात्र था।