राजस्थान बोर्ड 12वीं परीक्षा में बदलाव: इन विषयों के पेपर का समय बदला, आदेश जारी

post 481 (1)

राजस्थान बोर्ड 12वीं परीक्षा में बदलाव: इन विषयों के पेपर का समय बदला, आदेश जारी

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने वर्ष 2026 की सीनियर सेकेंडरी (कक्षा 12) परीक्षा को लेकर अहम बदलाव किया है। बोर्ड ने आंशिक संशोधन करते हुए कुछ विषयों की परीक्षा का समय बदल दिया है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।

बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह के अनुसार कम्प्यूटर विज्ञान, इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज और चित्रकला विषय की परीक्षाएं अब सुबह की बजाय दोपहर सत्र में आयोजित होंगी। इन विषयों की परीक्षा अब दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। पहले इनका समय सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तय था।

17 फरवरी को होने वाली कम्प्यूटर विज्ञान और इंफॉर्मेटिक्स की परीक्षा संशोधित समयानुसार दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं 24 फरवरी को निर्धारित चित्रकला विषय का पेपर भी इसी समयावधि में लिया जाएगा।

अन्य विषयों में कोई बदलाव नहीं:-

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि शेष सभी विषयों की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही होंगी। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपडेटेड टाइम-टेबल के अनुसार तैयारी करें और परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें।

बोर्ड सचिव ने जानकारी दी कि कक्षा 12 की परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक संचालित होंगी। प्रदेश के 15 जिलों में 51 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

थानों और चौकियों में रखे जाएंगे प्रश्नपत्र:-

इस बार परीक्षा प्रश्नपत्रों को पुलिस थानों और चौकियों में सुरक्षित रखा जाएगा। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक और परीक्षा संचालन समिति की होगी।

You may have missed