बीकानेर के डॉक्टर की हार्ट अटैक से मौत, कई दिनों से था सीने में दर्द
बीकानेर के डॉक्टर की हार्ट से मौत, कई दिनों से था सीने में दर्द
बीकानेर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) की जिम्मेदारी संभाल चुके डॉ. राजेश गुप्ता का शुक्रवार सुबह अचानक निधन हो गया। डॉ. गुप्ता गुरुवार रात एक रिसोर्ट में आयोजित डॉक्टर्स बैच मीट में शामिल हुए थे लेकिन शुक्रवार सुबह हार्ट अटैक ने उनकी जान ले ली। उन्हें गंभीर अवस्था में हल्दीराम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक वो दम तोड़ चुके थे। अस्पताल में डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि डॉ. गुप्ता को पिछले कुछ दिनों से छाती में दर्द की शिकायत थी लेकिन उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया। शुक्रवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर परिजन गंभीर हाल में ही हल्दीराम अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां काफी प्रयास के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इससे पहले गुरुवार रात जयपुर रोड पर स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित डॉक्टर्स मीट में डॉ. गुप्ता अपने परिवार के साथ शामिल हुए थे। इस दौरान उन्हें किसी तरह की कोई शिकायत नहीं थी। इस कार्यक्रम में शामिल डॉक्टर्स ने बताया कि वे सभी से मिल रहे थे। बीकानेर के सीएमएचओ के रूप में डॉ. गुप्ता ने कई बार काम किया। वर्तमान सीएमएचओ डॉ. पुखराज साध से पहले करीब छह महीने तक डॉ. गुप्ता ही इस पद पर थे। इस दौरान बीकानेर में जनता क्लिनिक खोलने सहित कई महत्वपूर्ण काम किए।